क्रोएशिया के दिग्गज फुटबॉलर लुका मोड्रिक ने अपने शानदार खेल करियर को एक और साल आगे बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने इटली के क्लब एसी मिलान के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट बढ़ा लिया है। क्लब ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है।
मोड्रिक अब 30 जून 2027 तक एसी मिलान के साथ जुड़े रहेंगे। सितंबर में 41 साल के होने जा रहे मोड्रिक ने पिछले साल रियल मैड्रिड के साथ 13 साल का सफल सफर खत्म करने के बाद मिलान का दामन थामा था। एसी मिलान के साथ उनका पिछला करार 30 जून को समाप्त हो गया था।
अपने पहले सीजन में मोड्रिक ने एसी मिलान के लिए 37 मुकाबले खेले और दो गोल किए। हालांकि, टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। मिलान सेरी ए में पांचवें स्थान पर रहा और कोपा इटालिया में टीम अंतिम-16 दौर तक ही पहुंच सकी। मोड्रिक ने पहले कहा था कि वह फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बाद अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे। हालांकि, अब उन्होंने क्लब फुटबॉल में अपना सफर जारी रखने का फैसला किया है।