टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) ने एशियन गेम्स 2026 के लिए ओलंपियन श्रीजा अकुला और जी. साथियान की कप्तानी में 10 सदस्यों वाली पुरुष और महिला टीम चुनी है। इस फैसले के बाद ओलंपियन मनिका बत्रा ने टीम से बाहर किए जाने पर सवाल उठाए हैं।
20वें एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची नागोया में आयोजित होंगे। इस बीच टेबल टेनिस स्पर्धा 20 से 28 सितंबर तक होगी। चयन प्रक्रिया में तय हुआ है कि भारत के सबसे अच्छे और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को इस प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा। एशियन गेम्स की चयन नीति 2023 के मुताबिक, खिलाड़ियों के चयन के लिए नेशनल रैंकिंग को 50 प्रतिशत, वर्ल्ड रैंकिंग को 40 प्रतिशत और 10 प्रतिशत चयन समिति के फैसले पर रखा गया है।
टीम, सिंगल्स और डबल्स कैटेगरी में मेडल इवेंट्स होंगे। पुरुष टीम में साथियान के अलावा हरमीत देसाई, मानव ठक्कर, मानुष शाह और पायस जैन शामिल हैं, जबकि महिला टीम में श्रीजा अकुला, यशस्वी घोरपड़े, दिया चितले, सुतीर्था मुखर्जी और सिंड्रेला दास शामिल हैं।