जॉर्ज मार्टिन मलेशियाई ग्रां प्री से बाहर हो गए हैं। वह यहां सेपांग इंटरनेशनल सर्किट में रेस करने वाले थे।अप्रैलिया के इस राइडर ने शनिवार को ऑस्ट्रेलियन ग्रां प्री स्प्रिंट के दौरान कलाई में फ्रैक्चर होने की वजह से इस वीकेंड की रेस से अपना नाम वापस ले लिया है।
स्प्रिंट के दौरान क्रैश में कलाई टूटने के महज छह दिन बाद, वह शुक्रवार को प्रैक्टिस सेशन में शामिल हुए थे। मोटोजीपी ने एक बयान में कहा, "उन्होंने असाधारण कोशिश की, लेकिन अब यह पक्का हो गया है। जॉर्ज मार्टिन (अप्रैलिया रेसिंग) मलेशियाई जीपी में रेस नहीं कर पाएंगे। ऑस्ट्रेलिया में कलाई टूटने के सिर्फ छह दिन बाद 2024 के चैंपियन और 2026 के खिताब के दावेदार शुक्रवार को सेपांग में ट्रैक पर लौटे। उन्होंने सुबह के सेशन में 12 लैप पूरे किए और दोपहर में भी कुछ लैप लगाए, जिसके बाद वह जल्दी वापस लौट गए ताकि शनिवार के लिए खुद को तैयार कर सकें।"
बयान में आगे कहा गया, "दुर्भाग्य से, क्वालीफाइंग से पहले एफपी2 सेशन में ट्रैक पर कुछ और समय बिताने के बाद यह पुष्टि हो गई कि मार्टिन इस इवेंट से बाहर हो गए हैं। मार्टिन अब रेस से दूर रहेंगे और अगली बार वापसी करने की कोशिश करेंगे।" इस बीच, क्वालीफाइंग के दौरान एलेक्स मार्केज ने अपने बड़े भाई मार्क मार्केज से पोल पोजीशन छीन ली है।