रांची रॉयल्स ने जीत का सिलसिला जारी रखते हुए मेंस हॉकी इंडिया लीग में शुक्रवार को जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब के खिलाफ 4-1 से जीत दर्ज की। लगातार तीसरी जीत के साथ रांची रॉयल्स प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
रांची के मरांग गोमके जगपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में सीजन के अपने आखिरी घरेलू मैच में उतरी रांची रॉयल्स के लिए टॉम बून ने 20वें और 22वें मिनट गोल दागे। उनके अलावा, मनदीप सिंह (47वें मिनट) और मनमीत सिंह राय (14वें मिनट) ने एक-एक गोल किए। वहीं, सूरमा क्लब के लिए एकमात्र गोल जीतपाल ने 52वें मिनट में दागा।
इस मैच की शुरुआत काफी रोमांचक रही। दोनों टीमें शुरुआती पलों में ही बढ़त बनाने की कोशिश कर रही थीं। सूरमा हॉकी क्लब को शुरुआती 5 मिनट के अंदर ही पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इसे भुनाया नहीं जा सका। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने 8 बार सर्कल में एंट्री की। रांची रॉयल्स ने मनमीत सिंह राय (14वें मिनट) के गोल से बढ़त हासिल की।