भारतीय सिनेमा, विज्ञापन और फिटनेस जगत में मिलिंद सोमन का नाम बेहद लोकप्रिय है। अपने करियर के शुरुआती दौर में मॉडल और अभिनेता के रूप में बड़ी पहचान हासिल करने वाले मिलिंद मौजूदा समय में फिटनेस और लंबे मैराथन की वजह से चर्चा में रहते हैं।
मिलिंद सोमन का जन्म 4 नवंबर 1965 को ग्लासगो, स्कॉटलैंड में हुआ था। वह जब सात साल के थे, तो उनका परिवार मुंबई लौट आया। सोमन ने डॉ. एंटोनियो डा सिल्वा हाई स्कूल और जूनियर कॉलेज ऑफ कॉमर्स, बॉम्बे से पढ़ाई की है। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा भी किया है।
सोमन पढ़ाई के साथ ही विज्ञापन जगत में एक मॉडल के रूप में भी प्रसिद्ध थे। उन्हें सुपर मॉडल के रूप में देखा जाने लगा था। सोमन को मनोरंजन जगत में पहली बड़ी सफलता 1995 में मिली, जब वह अलीशा चिनॉय के संगीत वीडियो ‘मेड इन इंडिया’ में दिखाई दिए। इसी के साथ सोमन का मनोरंजन जगत में सफर शुरू हुआ। सोमन ने टेलीविजन और बड़े पर्दे पर समान रूप से सफलता हासिल की।