झारखंड स्थित गोड्डा जिले के रहने वाले देवगन मरांडी ने इंटरनेशनल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपना दमखम दिखाया है। ललमटिया स्थित नीमकाला गांव के रहने वाले देवगन ने कोलकाता में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में नेपाल के फाइटर के खिलाफ जीत दर्ज की।
अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पहले, देवगन ने राष्ट्रीय स्तर पर कुल 14 एमएमए फाइट्स में हिस्सा लिया था। इनमें उत्तराखंड, दिल्ली, गोवा और छत्तीसगढ़ जैसे स्थानों पर खेले गए मुकाबले शामिल हैं। अब तक 14 मुकाबलों में उन्हें सिर्फ 3 में ही हार का सामना करना पड़ा है।
देवगन मरांडी ने महागामा के बेथल मिशन स्कूल में नर्सरी से 10वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद सत्यम वेब भागलपुर स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। साल 2023 में, देवगन ने दिल्ली में नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) की तैयारी शुरू की, लेकिन लगभग एक साल की तैयारी के बाद वे परीक्षा में सफल नहीं हो पाए। इसी दौरान, रूम पार्टनर अनुराग को देखकर फाइटिंग में रुचि जागी। केरल के रहने वाले अनुराग अक्सर यूएफसी फाइट्स देखते थे। देवगन ने भी फाइटिंग देखना शुरू किया और दिल्ली की 'हाउस ऑफ ग्लैडिएटर्स' एकेडमी से तीन साल तक प्रशिक्षण लिया। उनके पसंदीदा फाइटर जॉन जोंस हैं।