उत्तर प्रदेश के बिजनौर के युवा खिलाड़ी मुकुल कुमार ने रोप स्किपिंग (रस्सी कूद) में शानदार प्रदर्शन कर एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और बेहतरीन फिटनेस के दम पर उन्होंने एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाकर जिले और देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है।
मुकुल कुमार ने आंखों पर पट्टी बांधकर केवल दाएं पैर से 30 सेकंड में 84 बार रस्सी कूदने का रिकॉर्ड बनाया। आंखों पर पट्टी बांधकर एक पैर से सबसे अधिक बार रस्सी कूदने का यह नया एशियाई रिकॉर्ड है। मुकुल ने यह उपलब्धि 18 वर्ष, 3 महीने और 14 दिन की आयु में हासिल की, जो उनकी असाधारण शारीरिक क्षमता, संतुलन और अभ्यास का प्रमाण है।
इस उपलब्धि के पीछे लगातार प्रशिक्षण और समर्पण की बड़ी भूमिका रही। मुकुल ने बिजनौर स्थित 'वैनिला स्पोर्ट्स एंड फिटनेस सेंटर' में नियमित अभ्यास करते हुए इस रिकॉर्ड की तैयारी की। लंबे समय तक कठिन अभ्यास और फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के बाद वह इस मुकाम तक पहुंचे।