हर्ष सुरेश ने ग्लोबल चेस फेस्टिवल के मास्टर्स वर्ग के 8वें दौर में शीर्ष वरीय और ग्रैंड मास्टर (जीएम) इनियान पन्नीरसेलवम को ड्रॉ पर रोक दिया। हालांकि, यह परिणाम इनियान की खिताबी दावेदारी पर ज्यादा असर डालता नहीं दिख रहा है, क्योंकि वह अब भी बाकी खिलाड़ियों से एक अंक आगे हैं।उन्हें मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में खेले जा रहे ग्लोबल चेस फेस्टिवल के मास्टर्स सेक्शन में चैंपियन बनने के लिए आखिरी राउंड में सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत है।
शेष दो कैटेगरी में भी पसंदीदा खिलाड़ी लड़खड़ाते नजर आए। चैलेंजर्स कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन कर रहे वीरेश शरणार्थी को कम रेटिंग वाले ओडिशा के आशीर्वाद स्वैन ने चौंकाया और वे 6.5 प्वाइंट वाले 6 अन्य खिलाड़ियों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए। नितिन बाबू ने भी ज्यादा रेटिंग वाले फिडे मास्टर (एफएम) अरुण कटारिया को चौंका दिया; अब दोनों 7-7 प्वाइंट्स के साथ इस कैटेगरी में संयुक्त रूप से आगे चल रहे हैं।
इनियान 7 प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद बोरिस सावचेंको से एक प्वाइंट की बढ़त बनाए हुए हैं। हर्ष सुरेश, आकाश शरदचंद्र दलवी, अपूर्व कांबले और अजय संतोष पर्वथारेड्डी 5.5 प्वाइंट्स के साथ उनके पीछे हैं। आखिरी राउंड में इनियन का मुकाबला अजय संतोष पर्वथारेड्डी से होगा।