फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना की भिड़ंत इंग्लैंड से होनी है। अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी का कहना है कि उनकी टीम को बड़े टूर्नामेंटों में खेलने के अनुभव का फायदा इंग्लैंड के खिलाफ मिलेगा। उनका मानना है कि लगातार बड़े मैच खेलने से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और धैर्य बढ़ता है।
अर्जेंटीना बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में पहुंचने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। यह टीम के लिए पिछले पांच बड़े टूर्नामेंटों में पांचवां सेमीफाइनल मुकाबला होगा। कतर में हुए फीफा वर्ल्ड कप को जीतने के बाद अर्जेंटीना की निगाहें अपने खिताब का बचाव करने पर होगी।
कोच स्कालोनी ने सेमीफाइनल मैच से पहले कहा, "हमें ऐसे बड़े मुकाबले खेलने का अनुभव है। यह जरूरी नहीं कि अनुभव हमेशा जीत दिलाए, लेकिन इससे खिलाड़ियों को शांत रहने में मदद मिलती है। एक टीम के रूप में यह हमारा पांचवां सेमीफाइनल है और इससे हमें आत्मविश्वास मिलता है। खिलाड़ी शांत हैं और इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"