कोलकाता के 31 वर्षीय सुनीत चौरसिया ने गुरुवार को 25 लाख रुपए इनामी राशि वाले डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन–वाराणसी टूर्नामेंट के अंतिम दौर में तीन ओवर 73 का स्कोर बनाया और कुल चार शॉट की बढ़त के साथ खिताब अपने नाम किया। मथुरा के मुकीम अली (67-68-73) कोलकाता के सौविक नायक (69-69-70) के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
वाराणसी के बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में चौरसिया (67-64-73) ने छह-अंडर 204 के स्कोर के साथ हफ्ते का समापन करते हुए वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन में अपना लगातार तीसरा खिताब जीता। इसी के साथ सुनीत ने एक नेक्सजेन सीजन में तीन जीत के मणि राम के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है, जिन्होंने यह कारनामा साल 2010 में किया था।
यह जीत सुनीत चौरसिया को मार्च में पटना गोल्फ क्लब की तरफ से आयोजित अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी गोल्फ चैंपियनशिप और पिछले हफ्ते लखनऊ में विजय कुमार मेमोरियल में मिली जीत के बाद हासिल हुई है। इसके साथ ही वे नेक्सजेन टूर के इतिहास में लगातार तीन इवेंट जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।