भारत ने 'पिकलबॉल वर्ल्ड कप' में अपना सफर चौथे स्थान पर खत्म किया। वियतनाम के दा नांग में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने कुल 41 मेडल (7 गोल्ड, 17 सिल्वर और 17 ब्रॉन्ज मेडल) जीते। भारतीय टीम पिछले साल 7वें स्थान पर रही थी।
48 खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए किड्स, जूनियर्स, ओपन, सीनियर्स और मास्टर्स टीम इवेंट्स में हिस्सा लिया। इसके अलावा, 130 से ज्यादा खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत कैटेगरी में भी मुकाबला किया।
किड्स टीम का सिल्वर मेडल जीतना वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। इस टीम की कमान वीर शाह के हाथों में थी। इसमें विरांष चोपड़ा, आरिन बल्लानी, महिका राठौड़, मानसी कार्तिक, आश्रिता एस, कवीर मेहता और प्रार्थना मोटियानी शामिल थे। भारतीय कप्तान को किड्स कैटेगरी में सर्वश्रेष्ठ कप्तान के तौर पर भी सम्मानित किया गया।