एचसीएल स्क्वैश पीसीए चैलेंजर टूर-चेन्नई में बुधवार को मलेशिया के जोआचिम चुआह और मिस्र की रौकिया ओथमैन ने खिताब अपने नाम किए। इंडियन स्क्वैश एकेडमी में चुआह ने पुरुषों के फाइनल में 39 मिनट तक चले मुकाबले में मिस्र के अधम रोशदी को सीधे गेम में 12-10, 11-7, 11-8 से हराया। वहीं, महिलाओं में रौकिया ने एक रोमांचक मुकाबले में साउथ कोरिया की छठी सीड ह्वायोंग उम को 44 मिनट में 11-6, 10-12, 19-21, 11-7, 11-8 से मात देकर खिताब जीता।
इससे पहले, रौकिया ओथमैन ने सेमीफाइनल में भारत की सान्या वत्स को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई थी। टॉप सीड खिलाड़ी ने भारतीय स्टार को 11-4, 11-2, 11-5 से मात दी।
यह प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ियों के लिए बहुत निराशाजनक रही। सान्या वत्स ही एकमात्र भारतीय थीं जो क्वार्टर फाइनल से आगे बढ़ पाईं। चौथी सीड सान्या ने महिलाओं के क्वार्टर फाइनल में अपनी ही देश की आठवीं सीड उन्नति त्रिपाठी को चार गेम में हराकर इस चरण में जगह बनाई थी।