सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला मनीषा भनवाला चाहती हैं कि उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से अन्य भारतीय महिला पहलवानों के लिए शीर्ष तक पहुंचने का रास्ता खुले। महिला रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में भारत ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल चार मेडल जीते हैं।
शुक्रवार को 59 किलोग्राम वर्ग में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने वाली मनीषा का मानना है कि उनकी इस बड़ी कामयाबी का असली महत्व तब दिखेगा, जब और भी भारतीय महिलाएं वर्ल्ड चैंपियन बनेंगी और ऐसी उपलब्धियां देश की कुश्ती में एक आम बात बन जाएगी। शनिवार को एक संयुक्त मीडिया बातचीत के दौरान 'आईएएनएस' के एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, "रिकॉर्ड तोड़ने के लिए ही होते हैं और मैं चाहती हूं कि यह रिकॉर्ड और उपलब्धि भी आगे चलकर टूटे। मैं चाहती हूं कि ज्यादा से ज्यादा लड़कियां वर्ल्ड चैंपियन बनकर सामने आएं, ताकि भारतीय महिला पहलवानों का वर्ल्ड टाइटल जीतना कोई अपवाद न रहकर एक सामान्य बात बन जाए। हमारा लक्ष्य 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भी रिकॉर्ड तोड़ना है।"
भारत ने एक गोल्ड, दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल के साथ मेडल टैली में चौथा स्थान हासिल किया। मनीषा की ऐतिहासिक जीत के अलावा, नीलम सिरोही ने 50 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीता, जबकि काजल ढोचक ने 76 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल हासिल किया। तनु शर्मा ने 72 किलोग्राम वर्ग में ब्रॉन् मेडल जीतकर भारत के मेडल टैली को पूरा किया।