Saina Nehwal: साइना नेहवाल भारतीय बैडमिंटन की पहली पोस्टर गर्ल हैं। साइना ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर न सिर्फ भारतीय बैडमिंटन को बुलंदी पर पहुंचाया, बल्कि वैश्विक मंचों पर देश के लिए पदक जीत ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कीं। साइना का सफर उनकी मां के अधूरे सपनों को पूरा करने के जुनून के साथ शुरू हुआ था।
साइना नेहवाल का जन्म 17 मार्च 1990 को हिसार, हरियाणा में हुआ था। साइना के माता-पिता दोनों बैडमिंटन खिलाड़ी रहे थे। उनकी मां उषा रानी राज्य स्तर पर बैडमिंटन खेलीं, लेकिन उसके आगे जाने का उनका सपना पूरा नहीं हो सका था। साइना ने अपनी मां के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए बैडमिंटन थामा था। उन्होंने 8 साल की उम्र से बैडमिंटन खेलना शुरू कर दिया था।
साइना का बैडमिंटन खिलाड़ी के रूप में असली सफर तब शुरू हुआ जब कृषि विज्ञान से जुड़े उनके पिता का तबादला हिसार से हैदराबाद हुआ। साइना ने हैदराबाद स्थित दिग्गज खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद की एकेडमी में बैडमिंटन की ट्रेनिंग ली। गोपीचंद की एकेडमी में ही एक पूर्ण और सक्षम बैडमिंटन खिलाड़ी के रूप में साइना का विकास हुआ। बाद में उन्होंने विमल कुमार से भी ट्रेनिंग ली थी।