साक्षी मलिक भारत की प्रसिद्ध महिला पहलवान हैं, जिन्होंने 2016 रियो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। साक्षी ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान हैं। उन्होंने एक ऐसे खेल में भारत को ओलंपिक मेडल जिताया, जिसमें लड़कियों को खेलने की इजाजत परिवार की तरफ से बमुश्किल ही मिल पाती थी। साक्षी की सफलता ने भारत में महिला कुश्ती को नई पहचान दिलाई है।
साक्षी मलिक का जन्म 3 सितंबर 1992 को रोहतक जिले के मोखरा गांव में हुआ। उनके दादा सुबीर मलिक एक पहलवान थे, जिन्हें देखकर साक्षी ने भी पहलवानी शुरू की।
महज 12 साल की उम्र में साक्षी ने ईश्वर दहिया से कुश्ती की ट्रेनिंग लेनी शुरू कर दी। पांच साल बाद उन्होंने एशियन जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप 2009 के 59 किग्रा फ्रीस्टाइल में सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया। इसके बाद वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप 2010 में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता।