इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल के आखिरी दिन मनु भाकर और सम्राट राणा की जोड़ी को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को चीन के वर्ल्ड नंबर 1 और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन याओ कियानक्सुन और हू काई ने सिर्फ 0.3 अंक से मात दी।
इस सिल्वर मेडल के साथ, भारत मेडल टैली में दूसरे स्थान पर रहा। भारत ने दो गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीते हैं, जबकि चीन 4 गोल्ड और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पहले स्थान पर मौजूद है।
जर्मनी के म्यूनिख स्थित ओलंपियाशीसेंलागे में मनु और सम्राट की शुरुआत धीमी रही। पांच-पांच शॉट की पहली सीरीज के बाद भारतीय जोड़ी ने कुल 100.0 का स्कोर किया और चार टीमों के फाइनल में तीसरे स्थान पर रही। इसमें सम्राट ने 51.0 और मनु ने 49.0 का स्कोर किया। दूसरी सीरीज में मनु ने अपनी लय पकड़ी और 51.5 का शानदार स्कोर किया, जबकि सम्राट के 49.9 के स्कोर की मदद से यह जोड़ी दूसरे स्थान पर पहुंच गई।