सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी और ध्रुव कपिला/तनीषा क्रास्टो की जोड़ी ने शुक्रवार को सिंगापुर ओपन 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सिंगापुर इंडोर स्टेडियम में चौथी वरीयता प्राप्त सात्विक-चिराग ने एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मलेशिया के कांग खाई जिंग और आरोन ताई को 19-21, 21-17, 21-13 से हराया। यह मुकाबला 65 मिनट तक चला।
अब सेमीफाइनल में सात्विक-चिराग की जोड़ी का मुकाबला मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन और वर्ल्ड नंबर-1 जोड़ी किम वोन हो और सियो सेउंग जे (कोरिया) से होगा।
मिक्स्ड डबल्स में, ध्रुव-तनीषा की जोड़ी ने अगले दौर में जगह बना ली है, क्योंकि तीसरी वरीयता प्राप्त मलेशियाई जोड़ी चेन तांग जी और तोह ई वेई ने शुरुआती गेम के दौरान मैच से हटने का फैसला किया। फाइनल में जगह बनाने के लिए अब इस भारतीय जोड़ी का मुकाबला जापान के युइची शिमोगामी और सायाका होबारा से होगा।