सिंगापुर ओपन में मंगलवार को भारत की सीनियर खिलाड़ी पीवी सिंधु और पुरुषों की डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए अगले दौर में जगह बना ली है।
2 बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने विमेंस सिंगल्स में इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दानी को 21-17, 21-18 से शिकस्त दी, जबकि सात्विक-चिराग ने मेंस डबल्स में चेन झी यी और प्रेस्ली स्मिथ को 26-28, 21-15, 21-13 से हराया।
2022 संस्करण की चैंपियन सिंधु ने 5वीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई खिलाड़ी को सीधे गेम में हराकर अपने हेड-टू-हेड रिकॉर्ड को 3-3 से बराबर कर लिया। भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआती गेम में चार अंकों की बढ़त के साथ नियंत्रण बना लिया था। हालांकि, उन्हें कुछ समय के लिए झटका लगा, लेकिन 2020 टोक्यो ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सिंधु ने जल्द वापसी करते हुए 16-16 से बराबरी करने के बाद लगातार 5 अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।