सिंगापुर ओपन में गुरुवार का दिन भारत के लिए शानदार रहा। स्टार शटलर पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की डबल्स जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। मिश्रित डबल्स में तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की जोड़ी भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई।
सिंधु ने टूर्नामेंट में अपनी शानदार लय को जारी रखते हुए जबरदस्त जीत हासिल की। उन्होंने जापान की रिको गुंजी को सिर्फ 37 मिनट में सीधे गेम में 21-9, 21-12 से हरा दिया। सिंधु शुरू से ही मैच पर हावी दिखीं। उन्होंने रैलियों को आसानी से नियंत्रित किया और अपनी विरोधी को मैच में जमने का कोई मौका नहीं दिया। पहले राउंड में इंडोनेशिया की पांचवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वर्दानी को हराने के बाद, सिंधु ने बिना अपनी लय खोए, उसी गति के साथ टॉप-8 में जगह बनाई।
हालाकिं, उनकी अगली चुनौती अब तक की सबसे कठिन हो सकती है। सिंधु का मुकाबला मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी एन से-यंग से होगा। सिंधु अब तक आठ मुकाबलों में इस खिलाड़ी को कभी नहीं हरा पाई हैं।