भारतीय डबल्स जोड़ी आदिल कल्याणपुर और मुकुंद शशिकुमार ने शुक्रवार को बेंगलुरु में एसएम कृष्णा मेमोरियल ओपन में आयरलैंड के चार्ल्स बैरी और ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ चार्लटन की दूसरी सीडेड जोड़ी को 6-4, 6-3 से हराकर मेंस डबल्स फाइनल में जगह बनाई।
हालांकि, पिछले हफ्ते कर्नाटक ओपन डबल्स का खिताब जीतने वाली भारतीय जोड़ी निकी कलियांडा पूनाचा और साकेत माइनेनी को कजाकिस्तान के पेट्र बार बिरयुकोव और ग्रिगोरी लोमाकिन के खिलाफ सीधे सेटों में 3-6, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा।
वहीं, इस टेनिस टूर्नामेंट में इल्या इवाश्का ने दबाव में भी शांत रहते हुए ब्रिटेन के तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हामिश स्टीवर्ट को एक रोमांचक सेमीफाइनल में 6-3, 3-6, 6-2 से हराया। फाइनल में उनका सामना चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पेट्र बार बिरयुकोव से होगा, जिन्होंने एक और मैराथन सेमीफाइनल मुकाबले में दूसरे सीड खिलाड़ी एलेस्टेयर ग्रे को 3-6, 6-4, 7-6(5) से हराया।