साउथ कोरिया विमेंस टीम ने रविवार को शानदार टीम प्रदर्शन करते हुए गत चैंपियन चीन को 3-1 से हराकर तीसरी बार उबर कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। साउथ कोरिया इससे पहले कुआलालंपुर में साल 2010 और बैंकॉक में 2022 में भी यह ट्रॉफी जीत चुका है। दोनों बार उन्होंने चीन को ही हराया था। इस बार फोरम होरसेंस में भी कोरियन टीम ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाते हुए एक और यादगार जीत दर्ज की।
रविवार को मुकाबले की शुरुआत वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी एन से-यंग के दमदार प्रदर्शन से हुई। उन्होंने वर्ल्ड नंबर 2 वांग झीयी को 21-10, 21-13 से हराकर मैच का माहौल अपने पक्ष में कर लिया, जिससे साउथ कोरिया को शुरुआती बढ़त मिल गई। यह मुकाबला 47 मिनट तक चला।
16 चैंपियनशिप जीत चुकी चीन की टीम ने तुरंत पलटवार किया। वर्ल्ड नंबर 1 डबल्स टीम की दमदार जोड़ी लियू शेंगशू और टैन निंग ने जियोंग ना-यून और ली सो-ही को कड़ी टक्कर देते हुए 53 मिनट में 21-15, 21-12 से जीत हासिल करके मैच को 1-1 से बराबर कर दिया।