फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रिया से होने वाले मुकाबले से पहले स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने कहा है कि उनकी टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी, लेकिन नॉकआउट मुकाबलों में किसी भी तरह की लापरवाही की कोई जगह नहीं होती। उन्होंने साफ कहा कि खिलाड़ियों को अपनी क्षमता पर भरोसा है, लेकिन जीत हासिल करने के लिए मैदान पर बेहतरीन प्रदर्शन करना जरूरी होगा।
ग्रुप एच में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद स्पेन अब गुरुवार को लॉस एंजिल्स में ग्रुप जे की उपविजेता ऑस्ट्रिया से भिड़ेगा। मुकाबले से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डे ला फुएंते ने कहा कि टीम का आत्मविश्वास लगातार बढ़ रहा है।उन्होंने कहा, "हमारे खिलाड़ी जानते हैं कि वे किस स्तर पर हैं। उन्हें अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा है। यह आत्मविश्वास है, घमंड नहीं। खिलाड़ी जानते हैं कि वे अच्छा खेल रहे हैं, लेकिन उन्हें यह भी पता है कि हर मैच नई चुनौती लेकर आता है।"
स्पेनिश कोच का मानना है कि टूर्नामेंट के दौरान उनकी टीम के प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अब नॉकआउट चरण की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।उन्होंने कहा, "हमारे पास ऑस्ट्रिया जैसी मजबूत टीम को हराने की क्षमता है। हमारे पास अच्छी रणनीति और बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन सिर्फ कागज पर मजबूत होने से कुछ नहीं होता। मैदान पर अपना खेल दिखाना सबसे जरूरी है।"