प्रतिष्ठित सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट का 65वां संस्करण 18 अगस्त से 24 सितंबर के बीच नई दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु में आयोजित होगा। इसकी आधिकारिक घोषणा बुधवार को एयर मार्शल एस. शिवकुमार वीएसएम की मौजूदगी में की गई। प्रतियोगिता में 107 टीमें तीन कैटेगरी में टॉप सम्मान के लिए जूनियर गर्ल्स (अंडर-17), सब-जूनियर बॉयज (अंडर-15) और जूनियर बॉयज (अंडर-17) की टीमें मुकाबला करेंगी।
एस. शिवकुमार एयर ऑफिसर-इन-चार्ज एडमिनिस्ट्रेशन और सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी (एसएमएसईएस) के उपाध्यक्ष हैं। इस मौके पर मशहूर भारतीय फुटबॉलर आशालता देवी लोइतोंगबम भी गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर मौजूद रहीं।
इस मौके पर एयर मार्शल एस. शिवकुमार ने कहा, "भारतीय वायु सेना और एसएमएसईएस हर साल इस टूर्नामेंट को और बड़ा और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि युवा एथलीट्स को अपने करियर में आगे बढ़ने का मंच मिल सके।" शिवकुमार ने सभी क्वालीफाई करने वाली टीमों को बधाई दी, उन्हें सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रोत्साहित किया।"