एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को विमेंस डबल्स टेनिस में कजाकिस्तान की अन्ना डैनिलिना और यूलिया पुतिनत्सेवा ने अंकिता रैना/ऋतुजा भोसले की जोड़ी को तीन सेट के मैच में 5-7, 6-3, 5-10 से हराया। नागोया में खेले गए इस कड़े मुकाबले में हार के साथ भारतीय सफर पहले ही राउंड में समाप्त हो गया।
भारतीय जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहला सेट 7-5 से जीता, लेकिन डैनिलिना और पुतिनत्सेवा ने शानदार वापसी की और दूसरा सेट 6-3 से अपने नाम करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद कजाख जोड़ी ने निर्णायक मैच टाई-ब्रेक में संयम बनाए रखा और 10-5 से जीत हासिल करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
भले ही विमेंस डबल्स में भारतीय चुनौती जल्द समाप्त हो गई, लेकिन अंकिता रैना और ऋतुजा भोसले के लिए टूर्नामेंट अभी खत्म नहीं हुआ है। ये दोनों भारतीय खिलाड़ी मिक्स्ड डबल्स में भी हिस्सा ले रही हैं और उनके पास प्रतियोगिता में बने रहने का एक और मौका होगा।