स्पेन के मशहूर फुटबॉल क्लब 'रियल मैड्रिड' ने टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी राफेल नडाल को अपने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल कर लिया है। इस फैसले के साथ नडाल अब क्लब के प्रशासन और महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली टीम का हिस्सा बन गए हैं।
बुधवार को हुई क्लब के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में, नडाल की नियुक्ति को 'जनरल असेंबली ऑफ डेलीगेट मेंबर्स' (प्रतिनिधि सदस्यों की आम सभा) के पास मंजूरी के लिए भेजने का फैसला लिया गया।
नडाल ने इस पद के लिए विचार किए जाने पर क्लब के अध्यक्ष फ्लोरेंटिनो पेरेज और बोर्ड का आभार जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "मैं अध्यक्ष फ्लोरेंटिनो पेरेज और बोर्ड को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे रियल मैड्रिड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल होने का प्रस्ताव दिया। मैंने इस प्रस्ताव को बहुत उत्साह, सीखने की इच्छा और अपना पूरा योगदान देने की भावना के साथ स्वीकार किया है।"