प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल के साथ संवाद किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने 14 से 114 मेडल तक की यात्रा को एथलीट्स के परिश्रम की पराकाष्ठा का परिणाम बताया।
भारत ने इस वर्ष जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। कुल 97 भारतीय पैरा-एथलीट्स ने 114 पदक जीते, जिसमें 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
पीएम मोदी ने कहा, "आप सभी से मिलने का मुझे बेसब्री से इंतजार था। कुछ ही सप्ताह पहले मैं एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से मिला था। अब एशियन पैरा गेम्स के आप सभी ऊर्जावान साथियों से मिलने का अवसर मिला है। आपका शानदार प्रदर्शन ये बताता है कि आज भारत स्पोर्ट्स की दुनिया में तेजी से एक बड़ी पावर के रूप में उभर रहा है। इतने बड़े प्लेटफॉर्म पर आप सभी ने मेडल तो जीता ही है, आपने करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है।"