दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के हेड कोच जोनाथन बैटी ने कहा कि मेगा ऑक्शन की तुलना में मिनी ऑक्शन के लिए और भी ज्यादा प्लानिंग की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि सभी पांच फ्रेंचाइजियों को सीमित बजट और स्लॉट के साथ कई तरह की संभावित स्थितियों के लिए तैयारी करनी पड़ती है।
बुधवार को कोच्चि में होने वाली महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की नीलामी में कुल 150 खिलाड़ी (122 भारतीय और 28 विदेशी) शामिल होंगे, और पांच फ्रेंचाइजियों के पास कुल 27 स्लॉट खाली हैं। चार बार उपविजेता रह चुकी दिल्ली कैपिटल्स की टीम डब्ल्यूपीएल 2027 की नीलामी में 1.10 करोड़ रुपये के बजट और पांच खाली स्लॉट के साथ उतरेगी।
डब्ल्यूपीएल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए एक वीडियो में बैटी ने कहा, "मुझे लगता है कि यह एक अच्छा मौका है यह देखने का कि पिछले सीजन में क्या-क्या बहुत अच्छा रहा। जाहिर है कि खिलाड़ियों को रिटेन करने और रिलीज करने का काम लगभग एक महीना पहले ही हो चुका था, इसलिए हमारे पास यह सोचने के लिए काफी समय था कि हमें किन चीजों की जरूरत है।"