दक्षिण कोरिया के कप्तान सोन ह्युंग-मिन ने कहा है कि फीफा विश्व कप 2026 उनके करियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है। मिन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वे अपने देश को फुटबॉल के सबसे बड़े स्टेज पर एक और यादगार सफर पर ले जाएंगे। अपना चौथा विश्व कप खेलने जा रहे 33 साल के मिन विश्व कप में दक्षिण कोरिया को 2002 वाली सफलता दिलाना चाहते हैं। 2002 में दक्षिण कोरिया सेमी-फाइनल तक पहुंची थी।
फीफा के साथ एक इंटरव्यू में सोन ने कहा, "यह मेरा आखिरी विश्व कप हो सकता है। मैं एक शानदार सफर की उम्मीद कर रहा हूं।"
सोन ने 2014 में अपना विश्व कप डेब्यू किया था। 2014 में फीफा विश्व कप ब्राजील में खेला गया था। उस टीम के सिर्फ 2 खिलाड़ी ही, विश्व कप 2026 में दक्षिण कोरिया टीम का हिस्सा हैं। सोन इसमें से एक हैं। इस फॉरवर्ड से यूनाइटेड स्टेट्स, कनाडा और मैक्सिको में 2026 टूर्नामेंट में ताएगुक वॉरियर्स के लिए एक अहम लीडरशिप रोल निभाने की उम्मीद है।