जापान फुटबॉल टीम के मुख्य कोच हाजिमे मोरियासु ने कहा कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप एफ के पहले मैच में नीदरलैंड्स के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलकर उनकी टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि टीम को जीत हासिल नहीं कर पाने का अफसोस जरूर है।
जापान ने मुकाबले में शानदार जुझारूपन दिखाया। टीम दो बार पीछे होने के बावजूद हर बार वापसी करने में सफल रही और आखिरकार मजबूत मानी जाने वाली नीदरलैंड्स टीम के खिलाफ एक महत्वपूर्ण अंक हासिल किया। मोरियासु ने कहा कि उनकी टीम ने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और अंत तक संघर्ष करती रही। कोच के मुताबिक, इस प्रदर्शन से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, लेकिन टीम को यह भी महसूस हो रहा है कि उसके पास मैच जीतने का मौका था।
'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, मोरियासु ने कहा, "मैं सिर्फ एक प्वाइंट से खुश नहीं हूं, लेकिन मेरा मानना है कि यह प्वाइंट एक प्वाइंट से कहीं ज्यादा कीमती है। खिलाड़ियों ने हमारे गेम प्लान को अच्छी तरह से लागू किया और दबाव में भी दमदार प्रदर्शन किया। दो बार वापसी करने से हमें बहुत आत्मविश्वास मिला है।"