भारतीय पुरुष टीम को थॉमस और उबर कप 2026 के अपने आखिरी राउंड रॉबिन मुकाबले में बुधवार को मौजूदा चैंपियन चीन से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद भारतीय टीम 'ग्रुप-ए' में दूसरे स्थान पर रही।
ग्रुप-ए के पिछले मुकाबलों में कनाडा और ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद, भारत और चीन दोनों का क्वार्टरफाइनल में पहुंचना सुनिश्चित हो गया था। बुधवार को खेला गया यह मुकाबला ग्रुप के विजेता का फैसला करने के लिए था, जिसे आखिरकार चीन ने 3-2 से जीत लिया।
लक्ष्य सेन और पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के पास जीतने के मौके थे, लेकिन निर्णायक मुकाबले में वे चूक गए। सेन को पूर्व ऑल इंग्लैंड चैंपियन ली शि फेंग के हाथों 19-21, 21-8, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि सात्विक-चिराग ने लियांग वेई कांग और वांग चांग के खिलाफ 13-21, 21-13, 24-26 से हारने से पहले पांच मैच प्वाइंट बचाए।