14 वर्षीय अपार सक्सेना ने यूरोप भर में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर प्रतिष्ठित इंटरनेशनल मास्टर (आईएम) का खिताब हासिल कर लिया है, जिन्होंने सिर्फ 5 हफ्तों में इसके लिए जरूरी तीनों मानदंड पूरे कर लिए।
साल 2012 में जन्मे बेंगलुरु के इस युवा खिलाड़ी ने 30 मार्च को बोस्निया में हुए आईएम रेनोम 2 टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 9 में से 7 अंक हासिल करते हुए खिताब जीता और अपना पहला आईएम मानदंड पूरा किया।
इसके तुरंत बाद, 6 अप्रैल को स्पेन में हुए सैन विसेंट ओपन में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। इस मुकाबले में 54 देशों के 500 से भी ज्यादा खिलाड़ियों न हिस्सा लिया, जिसमें अपार ने एक बार फिर 9 में से 7 अंक हासिल किए। सक्सेना ने टूर्नामेंट के दो राउंड शेष रहते ही अपना दूसरा मानदंड पूरा कर लिया, जिससे उनकी निरंतरता और संयम साफ झलकती है।