उधमपुर: भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मैराथन का आयोजन (उधमपुर: भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मैराथन का आयोजन )
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में रविवार की सुबह मैराथन का आयोजन किया गया। उधमपुर में यह अपनी तरह का पहला मैराथन था। इसका आयोजन देविका स्पोर्ट्स इंडिया के तहत, 'देविका हाफ मैराथन' के नाम से किया गया।
इवेंट में भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन ने भी सहयोग दिया। उद्घाटन वरिष्ठ अधिकारियों और विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने किया। मैराथन में हर आयु वर्ग के करीब 1,000 धावकों ने हिस्सा लिया। मैराथन को 21-किमी, 10-किमी और 5-किमी की कैटेगरी में बांटा गया था।
विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने आईएएनएस से कहा, "उधमपुर में पहली बार हमें एक मेगा मैराथन देखने को मिली है। यहां के युवाओं ने इस मैराथन को आयोजित किया है जिसमें इंडियन आर्मी और स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग रहा है। इसके अलावा, कई संस्थाओं ने भी इस इवेंट को सफल बनाने के लिए अपने-अपने तरह से सहयोग किया है।"