यूएस ओपन 2026 का आयोजन 9 से 18 अप्रैल तक फ्लोरिडा के नेपल्स में होगा। इस टूर्नामेंट के लिए इंडियन पिकल बॉल एसोसिएशन (आईपीए) ने सोमवार को भारतीय टीम की घोषणा कर दी है।
इस टीम में मौजूदा नेशनल चैंपियंस और घरेलू सर्किट में अपना दबदबा बनाने वाले उभरते सितारों का एक जबरदस्त मेल है। टीम में मिहिका यादव, युवा सनसनी अर्जुन सिंह, पूर्वांश पटेल, आदित्य सिंह, नागा मोक्ष, जीत सूद, युवराज सिंह, पंथ ठक्कर, अथर्व सेठ और सूर्यवीर सिंह भुल्लर शामिल हैं। इस टीम को धीरेन पटेल कोचिंग देंगे और उनकी अगुवाई करेंगे। धीरेन खुद भी अपनी-अपनी कैटेगरी के मुकाबले में हिस्सा लेंगे।
हालांकि, यूएस ओपन में आमतौर पर एंट्री के लिए लॉटरी सिस्टम का इस्तेमाल होता है, लेकिन इंडियन पिकल बॉल एसोसिएशन और यूएस ओपन के बीच हुई एक ऐतिहासिक साझेदारी ने इन भारतीय खिलाड़ियों को चैंपियनशिप में सीधे एंट्री दिला दी है। यह सहयोग आईपीए के उन लगातार प्रयासों को दिखाता है, जिनके जरिए वह यह सुनिश्चित करना चाहता है कि भारत की बेहतरीन प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और इस खेल के सर्वोच्च स्तर पर मुकाबला करने का एक आसान रास्ता मिले।