यूटीटी ऑक्शन: साथियान, मनिका रिटेन, मानव, मानुष, दीया नीलामी पूल में लौटे (Image Source: IANS)
अनुभवी भारतीय पैडलर साथियान ज्ञानसेकरन और मनिका बत्रा को अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 की नीलामी से पहले रिटेन किया गया है। मानव ठक्कर, मानुष शाह और दीया चितले प्लेयर रोस्टर में वापस आ गए हैं।
आने वाले सीजन के लिए प्लेयर पूल में जाने-माने भारतीय नाम, उभरते हुए टैलेंट और टॉप इंटरनेशनल पैडलर्स का अच्छा मिश्रण है। फ्रेंचाइजी 28 अप्रैल को मुंबई के सहारा स्टार में होने वाले नीलामी में अपनी टीम बनाएंगी।
ठक्कर और शाह अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं की वजह से एक साल के ब्रेक के बाद नीलामी पूल में वापस आ रहे हैं। यह जोड़ी अभी पुरुष डबल्स में दुनिया में पांचवें स्थान पर है। शाह मिक्स्ड डबल्स में चिताले के साथ भी जोड़ी बनाते हैं। यह जोड़ी वर्ल्ड नंबर 6 पर है और डब्ल्यूटीटी फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय बनकर इतिहास रच चुकी है।