मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी ने अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 में अपनी शानदार वापसी जारी रखी। मुंबा ने गुरुवार को पणजी के पास तलेइगाओ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में महाराष्ट्र की प्रतिद्वंद्वी टीम पीबीजी पुणे जगुआर्स को 9-6 से मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और स्टैंडिंग में शीर्ष पर पहुंच गए।
शुरुआत में कड़े मुकाबले के बाद, यू मुंबा ने कप्तान मानुष शाह और अन्ना हर्सी के शानदार मिक्स्ड डबल्स प्रदर्शन के दम पर बढ़त बनाई। इसके बाद फ्रांस के लिलियन बार्डेट ने रोमांचक 'गोल्डन प्वाइंट' फिनिश में उमर असर के खिलाफ संयम बनाए रखा और मुकाबले को पुणे की पहुंच से दूर कर दिया।
महाराष्ट्र डर्बी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक हुई, जिसमें पुणे ने बढ़त बनाई। स्नेहित सुरावज्जुला ने इस सीजन में अपना अजेय क्रम जारी रखते हुए पहले पुरुष सिंगल्स मैच में मानुष को हराया, जबकि वे एक गेम से पीछे चल रहे थे। यू मुंबा ने हर्सी के जरिए तुरंत जवाब दिया; उन्होंने शांतचित्त प्रदर्शन करते हुए तीन गेम में दिया चितले को हराया और मुकाबला बराबरी पर ला दिया।