अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 में मंगलवार को एक रोमांचक मुकाबले में एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स ने यू मुंबा टीटी की जीत का सिलसिला तोड़ते हुए 8-7 से जीत हासिल की। पणजी के पास तलेइगाओ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हार के बावजूद, यू मुंबा ने भी सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। उनके बेहतर गेम काउंट और अनुकूल समीकरणों ने कोलकाता और लीग में सबसे आगे चल रही डेंपो गोवा चैलेंजर्स के साथ उनके क्वालिफिकेशन को सुनिश्चित किया।
कोलकाता की युवा खिलाड़ी तनीषा कोटेचा ने अन्ना हर्सी को इस सीजन की पहली हार का स्वाद चखाकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि जेंग जियान ने आखिरी मैच के निर्णायक गेम में संयम बनाए रखते हुए जीत हासिल की। इस नतीजे ने लीग के आखिरी दो मुकाबलों से पहले ही दोनों टीमों का नॉकआउट स्टेज में पहुंचना तय कर दिया, जिससे अब केवल एक जगह खाली बची है।
कोलकाता ने एडुआर्ड आयोनेस्कु के जरिए अच्छी शुरुआत की; उन्होंने एक गेम हारने के बाद वापसी करते हुए मानुष शाह को 9-11, 11-8, 11-7 से हराया। इसके बाद तनीषा कोटेचा ने सीजन का एक बड़ा उलटफेर करते हुए अब तक अजेय रहीं अन्ना हर्से को सीधे गेम में 11-6, 11-4, 11-4 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।