भारतीय महिला हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है। कप्तान सलीमा टेटे ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम के खेलने का अंदाज नहीं बदलेगा। हम वैसे ही खेलेंगे जैसे अर्जेंटीना में खेले थे। भारतीय टीम ने अर्जेंटीना में आक्रामक खेल दिखाते हुए 2 मैच जीते थे।
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) की तरफ से आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलीमा ने आईएएनएस से कहा, "अर्जेंटीना के खिलाफ दो गेम जीतना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। इसे जारी रखने के लिए, हमें बस वैसे ही खेलना होगा जैसे हम अर्जेंटीना में खेले थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुछ भी बदलने की जरूरत नहीं है। हमें अपने अनुशासन और गेम प्लान पर फोकस करना होगा। हमें कोच के निर्देश मानने होंगे।"
उन्होंने कहा, "हर कोई जानता है कि अगर हम खुद पर फोकस करें, तो हम सबसे अच्छी हॉकी खेल सकते हैं। हमें यही करना है। हमारी गति बहुत अच्छी है। हमें बस अपना गेम खेलना है। हमें दबाव संभालना होगा। अर्जेंटीना के जूनियर खिलाड़ी जानते हैं कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैसे खेलना है और दबाव को कैसे संभालना है। हमें अपनी सबसे अच्छी हॉकी खेलनी होगी।"