भारत के बैडमिंटन कोच गुरु साई दत्त ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की टीम के ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर उनकी तारीफ की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और फैंस को सेमीफाइनल में मजबूत चीन से मिली हार का अफसोस करने के बजाय ब्रॉन्ज मेडल जीतने का जश्न मनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह ब्रॉन्ज मेडल भारतीय शटलर को व्यक्तिगत इवेंट्स से पहले बहुत जरूरी आत्मविश्वास देगा। गुरु साई दत्त ने 'आईएएनएस' से कहा, "एक टीम के तौर पर यह मेडल हमारे लिए बहुत अहम है। आगे व्यक्तिगत इवेंट्स के लिए, यह मेडल खिलाड़ियों को मोमेंटम बनाए रखने और आत्मविश्वास देने में मदद करेगा।"
भारतीय पुरुष टीम सेमीफाइनल में चीन से 1-3 से हार गई। हालांकि, टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार मेडल जीतने का कारनामा किया। इससे पहले, भारत ने हांग्जो में हुए एशियन गेम्स 2023 में सिल्वर मेडल जीता था, और इस बार भी पोडियम पर जगह बनाने में सफल रही।