भारतीय टीम के युवा कबड्डी खिलाड़ी देवांक दलालआइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं। पहली बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे रेडर की नजर टीम को एक और गोल्ड मेडल जिताने पर है। 23 साल के देवांक किसी बड़े इंटरनेशनल मल्टी-स्पोर्ट इवेंट में भारत के लिए पहली बार खेलेंगे।
भारतीय टीम 21 सितंबर को जापान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 में 271 रेड प्वाइंट्स के साथ दूसरे सबसे ज्यादा स्कोर करने वाले रेडर रहे दलाल ने कहा कि एशियन गेम्स के लिए चुने जाने से उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि वह उम्मीदों का बोझ दबाव के तौर पर नहीं लेना चाहते।
दलाल ने कहा, "मैं पहली बार एशियन गेम्स में जा रहा हूं। मैं खुद के लिए, अपने परिवार और अपने कोच के लिए खुश हूं। मैं सभी के लिए खुश हूं। मेरी जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं। मुझे भारत के लिए गोल्ड लाना होगा। अगर भारत ने मुझे चुना है तो मुझे यह करना ही होगा।"