स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराते हुए फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। स्पेन की शानदार जीत के बाद हेड कोच लुइस डे ला फुएंते ने कहा कि टीम सही समय पर अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म हासिल करने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और एकजुटता का ही नतीजा है कि स्पेन 16 साल बाद फिर से विश्व कप के फाइनल में पहुंचा है।
कोच के अनुसार, अब टीम का अगला और सबसे बड़ा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है। डलास स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। टीम को 22वें मिनट में मिकेल ओयारजाबाल ने पेनल्टी पर गोल करते हुए मुकाबले में 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में पेड्रो पोरो ने दूसरा गोल कर स्पेन की जीत लगभग तय कर दी। फ्रांस की मजबूत टीम पूरे मैच में वापसी नहीं कर सकी और स्पेन ने 2-0 से मुकाबला जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
मैच के बाद डे ला फुएंते ने कहा कि उनकी टीम पिछले चार वर्षों से एक तय योजना के साथ आगे बढ़ रही है और उसी का परिणाम अब सामने आ रहा है। उन्होंने कहा, "हमने लगभग चार साल पहले एक सोच के साथ काम शुरू किया था और पूरे समय उसी पर भरोसा बनाए रखा। आज हम दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक, फ्रांस, के खिलाफ खेले, लेकिन उनके सामने दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम थी। हमारे खिलाड़ियों ने हर दिन अपनी मेहनत, समर्पण, एकजुटता और प्रतिभा का परिचय दिया है।"