भारतीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने कहा है कि हम 2029 में विश्व एबिलिटी स्पोर्ट की मेजबानी लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके आयोजन के लिए हमने चेन्नई और भुवनेश्वर का चयन किया है।
आईएएनएस से बात करते हुए देवेंद्र झाझरिया ने कहा, "नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सर्बल पाल्सी फेडरेशन, स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के बीच एक एमओयू हुआ है। इसके तहत हम 2029 विश्व एबिलिटी स्पोर्ट गेम्स की मेजबानी का दावा करेंगे। हम दो जगहों—चेन्नई और भुवनेश्वर—में आयोजन की दावेदारी करेंगे। हमने पूर्व में भी 2025 में पैरा वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया है। उसमें 100 से अधिक देशों ने हिस्सा लिया था। यह भारत द्वारा आयोजित सबसे बड़ा इवेंट था। हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा। हम पदक तालिका की शीर्ष 10 टीमों में थे।"
उन्होंने कहा, "बदलते समय में हम खेलना भी चाहते हैं और खिलाना भी चाहते हैं। खिलाने से तात्पर्य खेलों के आयोजन से है। हम नेतृत्व करना चाहते हैं। मुझे उम्मीद है कि हमारी संरचना को देखते हुए हमें आयोजन का अधिकार मिलेगा। कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 का आयोजन अहमदाबाद शहर में हो रहा है। ऐसे में हमें 2029 विश्व एबिलिटी स्पोर्ट गेम्स का आयोजन मिलने की उम्मीद है।"