सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने रविवार को विंबलडन में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। उन्होंने चौथे दौर के मुकाबले में क्वालिफायर रोमन साफियुलिन को 7-6(6), 6-3, 3-6, 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया और इसके साथ ही विंबलडन के इतिहास में पुरुष एकल में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले खिलाड़ी बन गए।
सेंटर कोर्ट पर तीन घंटे 26 मिनट तक चले मुकाबले में मिली इस जीत के साथ, जोकोविच ने विंबलडन में अपने पुरुष एकल मैचों की जीत का आंकड़ा 106 तक पहुंचा दिया। उन्होंने स्विट्जरलैंड के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर के 105 जीत के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। चैंपियनशिप के इतिहास में अब केवल मार्टिना नवरातिलोवा (120) ने उनसे अधिक एकल मुकाबले जीते हैं।
यह जीत जोकोविच का लगातार नौवां विंबलडन क्वार्टर फाइनल और करियर का 17वां विंबलडन क्वार्टर फाइनल है।