'विंबलडन' टेनिस के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में से एक है, जिसकी शुरुआत साल 1877 में हुई थी। 9 जून 1877 को 'द फील्ड' पत्रिका में प्रकाशित इश्तिहार में बताया गया था कि द ऑल इंग्लैंड क्रोक्वेट एंड लॉन टेनिस क्लब 9 जुलाई से एक लॉन टेनिस मीटिंग आयोजित करने जा रहा है, जिसमें सभी इच्छुक हिस्सा ले सकते हैं। प्रवेश शुल्क एक पाउंड और एक शिलिंग है।
आपको बता दें कि साल 1869 में 'द ऑल इंग्लैंड क्लब' को 'क्रोक्वेट' खेल के उद्देश्य से बनाया गया था। विंबडलन शहर के वर्पल रोड पर 4 एकड़ घास के मैदान को किराए पर लिया गया, जिसका कुछ समय तक क्रोक्वेट के लिए उपयोग किया गया, लेकिन धीरे-धीरे लॉन टेनिस के प्रति बढ़ती दीवनगी को देखते हुए यहां लॉन टेनिस ज्यादा खेला जाने लगा। इसी के चलते क्लब का नाम 'द ऑल इंग्लैंड क्रॉक्वेट एंड लॉन टेनिस क्लब' कर दिया गया।
विंबलडन के पहले संस्करण में पुरुष एकल ही एकमात्र स्पर्धा थी। उस समय महिलाओं को खेलने की अनुमति नहीं थी। 22 खिलाड़ियों की इस प्रतियोगिता में विजेता के लिए चांदी की एक नक्काशीदार 'चैलेंज कप' ट्रॉफी रखी गई। उस समय प्रतियोगिता जीतने वाले के लिए नकद पुरस्कार नहीं था, क्योंकि इसमें सिर्फ शौकिया खिलाड़ी ही हिस्सा ले रहे थे।