हाल के हफ्तों में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहीं प्रणवी उर्स को चीनी ताइपे के ताओयुआन स्थित सनराइज गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले गए विस्ट्रॉन लेडीज ओपन के तीसरे दौर में संघर्ष करना पड़ा। प्रणवी ने शनिवार को 1 ओवर 73 का स्कोर कार्ड किया, जिसके कारण वह फिसलकर संयुक्त 23वें स्थान पर पहुंच गईं।
प्रणवी 'विमेंस इंडियन ओपन' में लगातार दूसरी बार टॉप-4 में जगह बनाने के बाद चीनी ताइपे पहुंची थीं और शानदार फॉर्म में चल रही थीं। पहले राउंड में 70 और दूसरे राउंड में 68 का स्कोर करने के बाद, वह 6-अंडर पार के साथ जीत की दावेदारी में आ गई थीं। हालांकि, तीसरे राउंड की मुश्किलों के चलते 5-अंडर 211 के स्कोर पर आ गईं। उनके साथ थाईलैंड की पोर्ननोंग फाटलम भी इसी स्कोर पर हैं, जिन्होंने 71 और 67 के राउंड के बाद 73 का स्कोर किया।
लीडरबोर्ड में सबसे ऊपर स्थानीय खिलाड़ी चिंग हुआंग रहीं, जिन्होंने दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 7-अंडर 65 का स्कोर किया। इसके साथ ही उन्होंने रविवार को होने वाले फाइनल राउंड से पहले एक शॉट की बढ़त हासिल कर ली है।