भारत की युवा बॉक्सिंग टीम का वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप 2026 में शानदार प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को भारत के पांच मुक्केबाजों ने जीत का 'पंच' लगाया। चंद्रिका पुजारी, जॉयश्री देवी, अंबेकर, गुंजन और प्रार्ची ने एक के बाद एक पंचों की बरसात करते हुए विपक्षी मुक्केबाजों को चारों खाने चित किया।
चंद्रिका पुजारी (50 किलोग्राम) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेनेजुएला की अपनी विरोधी खिलाड़ी पर 5-0 से जीत हासिल की। जॉयश्री देवी (54 किलोग्राम) ने भी टूर्नामेंट में अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने लगातार अटैक करके बाउट को कंट्रोल किया और कजाकिस्तान की खिलाड़ी के खिलाफ तीसरे राउंड में रेफरी स्टॉप्ड कॉन्टेस्ट (आरएससी) से जीत हासिल की।
भारत को पुरुषों के डिवीजन में भी सफलता मिली। एल. अंबेकर (50 किलोग्राम) ने इक्वाडोर पर 5-0 से जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने दिन का अंत दो और बेहतरीन जीत के साथ किया। गुंजन (48 किलोग्राम) ने इटली की अपनी विरोधी को करीबी मुकाबले में हराया। उन्होंने इटली की खिलाड़ी को 3-2 से शिकस्त दी। इसके बाद प्राची (60 किलोग्राम) ने शानदार प्रदर्शन किया और अपने मुकाबले के शुरुआती राउंड में आरएससी के जरिए अपनी इक्वाडोर की विरोधी को हराकर भारत की दिन की पांचवीं जीत पक्की की।