भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप खिताब के लिए देश के 51 साल के इंतजार को खत्म करने की बात कही है।
हरमनप्रीत ने जियोस्टार पर कहा, "वर्ल्ड कप हम सभी के लिए बहुत मायने रखता है क्योंकि इस वर्ल्ड कप के बाद, आपको कभी नहीं पता होता कि क्या हो सकता है। टीम में कई सीनियर खिलाड़ी भी हैं, इसलिए हमारे लिए यह एक शानदार मौका है। हमने जितनी मेहनत की है और जिस तरह से ट्रेनिंग की है, हमें विश्वास है कि हम यह जरूर कर सकते हैं। यही हमारा एकमात्र लक्ष्य है, अपना बेस्ट देना और पदक जीतना। बेशक, टोक्यो और पेरिस में लगातार पदक जीतना हमारे लिए प्रेरक रहा है।"
हरमनप्रीत ने कहा कि इस प्रतियोगिता में हम अंडरडॉग के तौर पर उतरेंगे, लेकिन यह हमारे पक्ष में हो सकता है। उम्मीदों का बोझ उठाने के बजाय, टीम इस टूर्नामेंट को वर्ल्ड स्टेज पर अपनी काबिलियत दिखाने के मौके के तौर पर देख रही है। उम्मीद है कि हम ट्रॉफी घर लाएंगे। यह सफर मुश्किल होगा, लेकिन हम तैयार हैं।