पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष टीम ने लगातार दूसरी बार स्क्वैश जूनियर टीम चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम ने तीसरी वरीयता प्राप्त इंग्लैंड को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराया।
हालांकि, भारतीय महिला टीम को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल में अब भारतीय पुरुष टीम की भिड़ंत संयुक्त राज्य अमेरिका से होगी। संयुक्त राज्य अमेरिका ने 8वीं वरीयता प्राप्त जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। पिछले सीजन में टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।
क्वार्टर फाइनल में भारतीय पुरुष टीम की शुरुआत शानदार रही। आर्यवीर दीवान ने रोनी हिकलिंग को 11-9, 12-10, 11-5 से हराते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, इसके बाद युशा नफीस को रोमांचक मुकाबले में इस्माइल खलील के खिलाफ 11-7, 8-11, 11-4, 13-11, 11-7 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, गुरवीर सिंह ने सीधे गेम में जॉर्ज ग्रिफिथ्स को 11-3, 11-8, 11-6 से हराकर भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिलाया।