वर्ल्ड स्केट ने गुरुवार को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक गेम्स के लिए स्केटबोर्डिंग पार्क और स्केटबोर्डिंग स्ट्रीट जैसे खेलों में ओलंपिक क्वालिफिकेशन सिस्टम के नियमों की घोषणा की है।
नए सिस्टम के मुताबिक, खिलाड़ियों को ओलंपिक में जगह बनाने के लिए दो चरणों (फेज) से गुजरना होगा। पहले चरण की शुरुआत 11 जून 2026 से होगी, जो 31 मार्च 2028 तक चलेगा। इसमें वर्ल्ड स्केटबोर्डिंग टूर के मुकाबले होंगे। वर्ल्ड स्केट ने बताया कि हर देश (नेशनल टीम) हर इवेंट में ज्यादा से ज्यादा 3 खिलाड़ियों को उतार सकता है। इसके अलावा, अगर किसी देश के खिलाड़ी वर्ल्ड रैंकिंग के टॉप 30 में हैं, तो वे भी इवेंट शुरू होने से 60 दिन पहले तक एंट्री पा सकते हैं।
दूसरा चरण 1 अप्रैल से 11 जून 2028 तक होगा। इसमें हर कैटेगरी और जेंडर के टॉप 44 खिलाड़ियों के बीच अलग प्रतियोगिताएं होंगी। कुल मिलाकर 176 खिलाड़ी इस चरण में हिस्सा लेंगे। इन 176 खिलाड़ियों को दूसरे चरण के आगाज में शुरुआती प्वाइंट दिए जाएंगे। ये प्वाइंट्स सभी को एक तय सिस्टम के तहत मिलेंगे और यह इस बात पर निर्भर करेगा कि वे अपने खेल (डिसिप्लिन) में टॉप 44 खिलाड़ियों की सूची में किस स्थान पर क्वालीफाई हुए हैं। यही शुरुआती अंक आगे दूसरे चरण में उनकी रैंकिंग तय करने में मदद करेंगे।