महिला विश्व कप 2025 की समाप्ति के बाद विमेंस प्रीमियर लीग 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सभी 5 फ्रेंचाइजियों ने रिटेन खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। हैरानी वाली बात यह है कि महिला विश्व कप 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट और भारतीय टीम को अपने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन से विश्व चैंपियन बनाने वाली दीप्ति शर्मा को उनकी टीमों ने रिटेन नहीं किया है। दोनों को रिलीज कर दिया गया है।
दीप्ति शर्मा ने भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। कुल 9 मैचों की 7 पारियों में 215 रन और 22 विकेट लेने वाली दीप्ति ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में 58 रन बनाने के साथ ही 5 विकेट लिए थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। इस यादगार प्रदर्शन के बाद भी उनकी डब्ल्यूपीएल फ्रेंचाइजी यूपी वॉरियर्ज ने उन्हें रिटेन नहीं किया है। दीप्ति पिछले सीजन टीम की कप्तान थीं और 2024 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रही थीं।
महिला विश्व कप 2025 में 9 मैचों में 571 रन बनाकर टूर्नामेंट की शीर्ष स्कोरर रहीं दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट को गुजरात जायंट्स ने रिटेन नहीं किया है। नियम के अनुसार कोई भी फ्रेंचाइजी सिर्फ 2 विदेशी खिलाड़ियों को ही रिटेन कर सकती है। गुजरात ने ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी और एश्ले गार्डनर को रिटेन किया है।