महिला टेनिस के सबसे बड़े टूर्नामेंट्स में से एक डब्ल्यूटीए फाइनल्स को 2027 से नया घर मिलने जा रहा है। अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य का शार्लोट शहर अगले तीन वर्षों तक इस सीजन-समापन चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। महिला टेनिस टूर अपने सबसे बड़े इवेंट के लिए एक लंबे समय तक चलने वाला प्लेटफॉर्म बनाना चाहता है।
डब्ल्यूटीए ने बुधवार को बताया कि फाइनल्स 2027-29 तक स्पेक्ट्रम सेंटर में खेले जाएंगे, जो एनबीए की टीम शार्लेट हॉर्नेट्स का होम ग्राउंड है। इस टूर्नामेंट में डब्ल्यूटीए टूर की टॉप सिंगल्स खिलाड़ी और डबल्स टीमें सीजन के आखिर में मिलने वाले खिताबों के लिए मुकाबला करती हैं।
यह कदम डब्ल्यूटीए फाइनल्स के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है, जो पिछले दो दशकों में दुनिया भर के कई शहरों में आयोजित किए गए हैं। डब्ल्यूटीए ने कहा कि इस लंबी अवधि की साझेदारी से चैंपियनशिप की पहचान और अनुभव को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, साथ ही फैंस और कमर्शियल पार्टनर्स के साथ रिश्ते भी मजबूत होंगे।